नियमितीकरण, सुरक्षा उपकरण, वेतन भुगतान और अस्पताल सुविधा समेत उठाए कई ज्वलंत मुद्दे, निर्णय नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
भुरकुंडा (रामगढ़)। अखिल झारखंड कोयला श्रमिक संघ ने रविवार को बरका-सयाल क्षेत्र के महाप्रबंधक को 21 सूत्री मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। मांग पत्र में क्षेत्र के मजदूरों से जुड़ी विभिन्न ज्वलंत समस्याओं को उठाते हुए शीघ्र समाधान की मांग की गई। ज्ञापन में प्रमुख मांगों के तहत अंडरग्राउंड मजदूरों को वर्तमान कार्य में नियमित करने, भुरकुंडा अस्पताल में डिजिटल एक्स-रे मशीन उपलब्ध कराने तथा क्षेत्र के मजदूरों को लगभग दो वर्षों से लंबित सेफ्टी शूज देने की मांग की गई।
इसके अलावा 9.3.0 प्रावधान के तहत समय सीमा के भीतर नौकरी देने, मजदूरों से सुरक्षा मानकों के अनुरूप कार्य कराने, पीएसएमई मजदूरों का वेतन शीघ्र भुगतान करने तथा थर्ड पार्टी सैंपलिंग और आउटसोर्सिंग कंपनी के मजदूरों को हाई पावर कमेटी के अनुसार वेतन देने की भी मांग रखी गई। संघ ने क्षेत्र के खेल मैदानों के सुंदरीकरण की मांग के साथ उरीमारी में दुर्घटना में मृत मजदूर के आश्रित संतोष कुमार को चार वर्षों से नियमित नहीं किए जाने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया।
मौके पर यूनियन के क्षेत्रीय सचिव संजय मिश्रा ने कहा कि यदि प्रबंधन इन ज्वलंत मुद्दों पर जल्द कोई ठोस और निर्णायक फैसला नहीं लेता है तो यूनियन आंदोलन के लिए बाध्य होगी। इस अवसर पर क्षेत्रीय अध्यक्ष इंद्रदेव राम, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष मनोज सिन्हा, क्षेत्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संतोष ठाकुर, क्षेत्रीय सचिव संजय मिश्रा, क्षेत्रीय सेफ्टी बोर्ड सदस्य अजीत सिन्हा, क्षेत्रीय वेलफेयर बोर्ड सदस्य कमलेश कुमार, बिनोद कुमार, बिनोद सिंह, शिवनंदन दास, शंकर सिंह, सनी कुमार, लालमोहन महली, गुरुदयाल ठाकुर, सुरेश प्रसाद खरवार, शंभू यादव, बबलू कुमार सहित कई लोग उपस्थित थे।


