रजरप्पा। रजरप्पा प्रोजेक्ट स्थित सरस्वती विद्या मंदिर,राजरप्पा प्रोजेक्ट के छात्रों ने श्री गुरुनानक पब्लिक स्कूल में आयोजित जिला स्तरीय योग प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया। इस प्रतियोगिता में छात्रों ने विभिन्न योगासन श्रेणियों में भाग लेते हुए कई पुरस्कार अपने नाम किए।
इस प्रतियोगिता में योगाचार्य बच्चूलाल तिवारी के नेतृत्व में सभी भैया सम्मिलित हुए थे जिसमें कुल 3 गोल्ड मेडल एवं 3 ब्रॉन्ज़ मेडल जीते।प्रतियोगिता में सफलता प्राप्त करने वाले भैया शिवम कुमार साहू, अभिषेक कुमार,सम्राट राय एवं शेखर सिन्हा को विद्यालय परिसर में आयोजित वंदना सभा के दौरान सम्मानित किया गया।
प्राचार्य श्री उमेश प्रसाद ने छात्रों को सम्मानित करते हुए कहा कि योग से न केवल शारीरिक बल मिलता है, बल्कि मानसिक एकाग्रता और आत्मविश्वास भी बढ़ता है। उन्होंने छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उन्हें निरंतर अभ्यास करने हेतु प्रेरित किया। सभी सफल भैया को विद्यालय के अध्यक्ष ललन कुमार राय,उपाध्यक्ष चंद्रशेखर चौधरी,सीएसआर नोडल अधिकारी आशीष झा सहित सभी आचार्य एवं दीदी जी ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

