भुरकुंडा (रामगढ़)। समाजसेवी संस्था राष्ट्रीय सेवा मंच ने प्रत्येक सप्ताह की भांति इस रविवार को भी भुरकुंडा साप्ताहिक बाजार परिसर में गरीब व जरूरतमंदों के बीच भोजन वितरण किया। संस्था की ओर से करीब 150 गरीब महिला, पुरुष और बच्चों को भरपेट भोजन कराया गया।
इनमें अधिकतर लोग दूर-दराज गांवों से आकर दातुन व पत्तल बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करने वाले थे। मंच के अध्यक्ष डब्लू सिंह ने बताया कि हमारा प्रयास है कि कोई भी गरीब भूखा न रहे।
पिछले दस वर्षों से यह भोजन सेवा जन सहयोग से लगातार चल रही है और आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने ऐसे नेक कार्यों में सबों को सहयोग करने की अपील की। कहा कि समाज के सहयोग से ही यह संभव हो पाता है। उमाशंकर जायसवाल ने कहा कि भोजन सेवा सिर्फ जरूरतमंदों का पेट भरना नहीं, बल्कि मानवता की सच्ची सेवा है।
बारिश हो या धूप, मंच का संकल्प हमेशा अडिग रहेगा। भोजन वितरण में रिंकू वर्णवाल, प्रोफेसर रामानुज सिंह, रेणुका दास, उदयभान दुबे, बारीक अंसारी, हरी साव और महावीर सिंह सहित कई समाजसेवी सक्रिय रहे।


