भुरकुंडा कोलियरी रोड सेल चालू होने पर विस्थापितों ने जताई खुशी, 5000 मजदूरों को मिलेगा रोजगार
भुरकुंडा (रामगढ़)। भुरकुंडा कोलियरी के चारों राजस्व ग्राम के विस्थापित एवं प्रभावित रैयतों की एक आवश्यक बैठक मंगलवार को ग्राम देवरिया बरगावां स्थित पंचायत सचिवालय प्रांगण में हुई। इसकी अध्यक्षता श्री संतोष मांझी ने की और संचालन कैलाश प्रसाद ने किया। बैठक में भुरकुंडा कोलियरी रोड सेल को लेकर गहन चर्चा की गई। बैठक में देवरिया, कुरसे, दुंदवा और बलकुदरा पंचायतों के रैयत शामिल हुए। बैठक में बताया गया कि लंबे अरसे के बाद जल्द ही भुरकुंडा लोकल सेल चालू होने जा रहा है।
इससे करीब 5000 बेरोजगार विस्थापित प्रभावित मजदूरों को रोजगार मिलेगा। इसके साथ ही भुरकुंडा बाजार के छोटे-बड़े व्यवसायियों की आमदनी में वृद्धि होगी और बाजार की रौनक भी बढ़ेगी। विस्थापितों ने प्रबंधन एवं प्रशासन को लोकल सेल चालू कराने के लिए धन्यवाद और आभार व्यक्त किया।
साथ ही चेतावनी दी कि यदि किसी राजनीतिक संगठन या असामाजिक तत्व द्वारा निजी स्वार्थ में रोड सेल को बाधित करने का प्रयास किया गया तो विस्थापित और प्रभावित रैयत इसे कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे। मौके पर पूर्व पार्षद झरी मुंडा, विस्थापित संघर्ष मोर्चा अध्यक्ष राणा प्रताप सिंह, अजय साहू, कुरसे पंचायत के पूर्व मुखिया रामदास वेदिया, देवरिया पंचायत के पूर्व मुखिया राजेंद्र मुंडा सहित दर्जनों पंचायत प्रतिनिधि, समाजसेवी एवं ग्रामीण उपस्थित थे।


