भुरकुंडा (रामगढ़)। भारती मजदूर संघ से संबद्ध सीसीएल कोलियरी कर्मचारी संघ बरका-सयाल प्रक्षेत्र के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को बरका-सयाल महाप्रबंधक अजय सिंह से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधियों ने हाल ही में मुंबई में केंद्रीय कोयला मंत्री जी किशन रेड्डी द्वारा महाप्रबंधक को सम्मानित किए जाने पर पुष्पगुच्छ भेंट कर बधाई दी और शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
संघ के पदाधिकारियों ने बिरसा परियोजना को फाइव स्टार रेटिंग मिलने पर खुशी जताई और इसे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। बातचीत के क्रम में प्रतिनिधिमंडल ने भुरकुंडा परियोजना में कार्यरत सभी कर्मचारियों का प्रोमोशन जल्द से जल्द करने की मांग रखी। महाप्रबंधक अजय सिंह ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए
संघ पदाधिकारियों को आश्वस्त किया कि भुरकुंडा परियोजना के कर्मचारियों को शीघ्र ही पदोन्नति का लाभ दिया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल में सीसीएल कोलियरी कर्मचारी संघ के महामंत्री शशिभूषण सिंह, क्षेत्रीय सचिव शंभू प्रसाद सिंह, कोषाध्यक्ष श्रीकांत गुप्ता, भुरकुंडा शाखा सचिव अनिल पासवान एवं सह सचिव सुरेंद्र तिवारी शामिल थे।

