भुरकुंडा (रामगढ़)। झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) पतरातू प्रखंड समिति ने मंगलवार को भुरकुंडा परियोजना पदाधिकारी कुमार राकेश सत्यार्थी को ज्ञापन सौंपते हुए भुरकुंडा लोकल सेल (रोड सेल) को अविलंब चालू करने की मांग की। मौके पर नेताओं ने कहा कि क्षेत्र के रैयत, विस्थापित और प्रभावित परिवार लंबे समय से रोजगार के अवसरों से वंचित हैं।
लोकल सेल का संचालन शुरू होने से न केवल स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा, बल्कि पूरे इलाके की अर्थव्यवस्था में तेजी आएगी। साथ ही कोयला परिवहन व्यवस्था भी सुगम होगी और विस्थापितों को सीधा लाभ मिल सकेगा। जेएमएम पतरातू प्रखंड अध्यक्ष राजेंद्र महतो ने कहा कि पार्टी क्षेत्र के विकास और विस्थापितों के अधिकारों की लड़ाई लड़ने के लिए प्रतिबद्ध है।
प्रखंड सचिव उदय मालाकार ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर मांग पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो जेएमएम आंदोलन का रास्ता अपनाएगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान पूर्व जिला उपाध्यक्ष आजाद अंसारी, शुभम पांडेय और परवेज अंसारी मौजूद थे।

