भुरकुंडा (रामगढ़)। सीपीएम रामगढ़ जिला कमिटी ने सीपीएम धनबाद जिला कमिटी के सचिव सह पार्टी के राज्य सचिव मंडल सदस्य एवं डीबीसी श्रमिक यूनियन (सीटू) के जुझारू और संघर्षशील नेता कॉमरेड एसके घोष के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। जिला कमिटी ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए निर्णय लिया है कि तीन दिनों तक पार्टी का झंडा झुका रहेगा।
इस दुःखद घड़ी में कमिटी ने घोष जी के परिवारजनों, सीपीएम धनबाद जिला कमिटी तथा डीबीसी श्रमिक यूनियन (सीटू) के सभी सदस्यों के प्रति संवेदना प्रकट की है। सीपीएम रामगढ़ जिला सचिव आरपी सिंह चंदेल ने कहा कि कॉमरेड घोष पार्टी और यूनियन के कर्मठ, ईमानदार और नेतृत्वकारी साथी थे। दो दशक से अधिक समय तक उन्होंने संगठन में सक्रिय भूमिका निभाई और हर मुद्दे पर बेबाकी से अपनी राय रखने के लिए जाने जाते थे। अंत में जिला कमिटी ने उन्हें क्रांतिकारी अभिनंदन और लाल सलाम अर्पित किया।
