मेहनतकश श्रमिकों के हित में स्वागत योग्य निर्णय: शशिभूषण सिंह
भुरकुंडा (रामगढ़)। सीसीएल कोलियरी कर्मचारी संघ ने कोयला मंत्रालय द्वारा खान दुर्घटना की स्थिति में श्रमिकों की अनुग्रह राशि (एक्स-ग्रेशिया) 15 लाख से बढ़ाकर 25 लाख रुपए किए जाने का स्वागत किया है। इस निर्णय पर संघ के महामंत्री शशिभूषण सिंह ने खुशी जताते हुए केंद्रीय कोयला मंत्री जी. किशन रेड्डी एवं भारतीय मजदूर संघ के कोयला उद्योग प्रभारी के. लक्ष्मा रेड्डी के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि मेहनतकश श्रमिकों के हित में उठाया गया यह बेहद महत्वपूर्ण कदम है। बीते वर्ष 17 दिसंबर को आयोजित स्टैंडिंग कमेटी ऑन सेफ्टी इन कोल माइंस की बैठक में के. लक्ष्मा रेड्डी ने इस प्रस्ताव को प्रमुखता से रखा था। कोयला मंत्रालय द्वारा इस पर सकारात्मक निर्णय लिए जाने से श्रमिकों में खुशी का माहौल है। शशिभूषण सिंह ने कहा कि भारतीय मजदूर संघ सदैव राष्ट्र हित, उद्योग हित और मजदूर हित के संकल्प के साथ कार्यरत है और अपनी प्रतिबद्धता को निभा रहा है।

