लोकल सेल में सिर्फ रैयत विस्थापित मोर्चा को मिलेगी भागीदारी
भुरकुंडा (रामगढ़)। भुरकुंडा परियोजना कार्यालय में शनिवार को ऑल इंडिया झारखंड रैयत विस्थापित प्रभावित मोर्चा केंद्रीय कमेटी झारखंड की ओर से परियोजना पदाधिकारी के साथ सम्मानजनक वार्ता हुई। बैठक में भुरकुंडा लोकल सेल के सवाल को लेकर मोर्चा की भागीदारी सुनिश्चित करने की बात रखी गई। इस दौरान परियोजना पदाधिकारी कुमार राकेश सत्यार्थी ने स्पष्ट आश्वासन दिया कि केवल झारखंड रैयत विस्थापित प्रभावित मोर्चा को ही भुरकुंडा लोकल सेल में भागीदारी दी जाएगी।
वार्ता में मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष डॉ. आशीष कुमार ने कहा कि भुरकुंडा कोलियरी में लोकल सेल चालू कर बेरोजगार युवाओं एवं ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने मांग रखी कि रोजगार में ग्रामीण और कोयलांचल क्षेत्र को बराबर 50-50 प्रतिशत का हिस्सा दिया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि सम्मानजनक भागीदारी नहीं मिली तो आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा।
परियोजना पदाधिकारी ने आश्वासन दिया कि शीघ्र ही आम सहमति बनाकर लोकल सेल चालू किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में बेरोजगारी दूर हो सके। वार्ता में केंद्रीय महासचिव नरेश नायक, केंद्रीय अध्यक्ष डॉ. आशीष कुमार, नकुल प्रसाद, राहुल सिंह, राजेंद्र नायक, किशोर नायक, मधु बाउरी, केंद्रीय सदस्य श्याम महतो, रामचंद्र राम आदि उपस्थित थे। सभी ने एक स्वर में कहा कि वे भी बेरोजगार हैं और लोकल सेल के माध्यम से रोजगार की भागीदारी सुनिश्चित की जाए।


