रिपोर्ट एस कुमार
सिरका। कोयलांचल क्षेत्र अरगड्डा में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी दशहरा पर्व बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। आकर्षक पूजा पंडाल, भव्य प्रतिमा और मनोरंजन के लिए लगे झूले इस आयोजन के मुख्य आकर्षण का केंद्र बने रहे। दुर्गा पूजा समिति के उपाध्यक्ष छोटू पटेल ने बताया कि इस बार भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और लोग पंडाल व प्रतिमा की भव्यता देखकर गदगद हुए। दशमी के अवसर पर रामगढ़ नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी अजमल हुसैन स्वयं अरगड्डा दुर्गा पूजा पंडाल एवं मेले का निरीक्षण करने पहुंचे।
उन्होंने व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की और पूजा समिति के कार्यों की सराहना की। साथ ही, उन्होंने स्थानीय लोगों से बातचीत कर यह सुनिश्चित किया कि मेला और पूजा पर्व शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित माहौल में संपन्न हो। पूजा समिति की ओर से बताया गया कि अरगड्डा का दुर्गा पूजा न सिर्फ कोयलांचल क्षेत्र बल्कि आसपास के दर्जनों गांवों का भी मुख्य आकर्षण रहता है। अनुमानित तौर पर करीब 14 से 15 गांवों के लोग दुर्गा पूजा के मौके पर पंडाल दर्शन और मेला घूमने के लिए यहां पहुंचते हैं।

