भुरकुंडा थाना प्रभारी और पत्रकारों को ईश्वरीय सौगात देकर किया गया सम्मानित
भुरकुंडा (रामगढ़)। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर महानवमी के दिन बुधवार को ब्रह्माकुमारीज भुरकुंडा सेवाकेंद्र द्वारा थाना मैदान में चैतन्य देवियों की झांकी का भव्य आयोजन किया गया। झांकी में मां दुर्गा, मां लक्ष्मी और मां सरस्वती की अलौकिक छवि ने भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अवसर पर राजयोगी बीके रामदेव ने भुरकुंडा थाना प्रभारी निर्भय कुमार गुप्ता, प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधियों को ईश्वरीय सौगात भेंट कर सम्मानित किया।
थाना प्रभारी निर्भय कुमार गुप्ता ने झांकी का अवलोकन करते हुए कहा कि ब्रह्माकुमारीज संस्था की सेवा भावना समाज के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने निःशुल्क राजयोग मेडिटेशन सीखने का भी सभी से आग्रह किया। बीके रामदेव ने कहा कि तनावमुक्त जीवन के लिए राजयोग ध्यान अति आवश्यक है।
उन्होंने स्थानीय लोगों को 3 से 10 अक्टूबर 2025 तक शास्त्री चौक सेवाकेंद्र में आयोजित निःशुल्क राजयोग मेडिटेशन शिविर का लाभ उठाने का आमंत्रण दिया। झांकी में ब्रह्माकुमारी रोशनी मां दुर्गा के रूप में, ब्रह्माकुमारी आरती मां सरस्वती के रूप में तथा कुमारी रोशनी मां लक्ष्मी के रूप में विराजमान रहीं। ये झांकी लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा।


