भुरकुंडा (रामगढ़)। जुबिली महाविद्यालय में रसायन विज्ञान विभाग के प्राध्यापक प्रो. मनोज कुमार दास के सेवानिवृत्ति के अवसर पर विदाई समारोह का आयोजन किया गया। प्रो. दास ने महाविद्यालय में 42 वर्षों तक सेवा देने के बाद 31 सितम्बर को सेवानिवृत्ति ग्रहण किया। समारोह में प्राचार्य डॉ. ए.के.एस. झा ने प्रो. दास के लंबे सेवाकाल की सराहना करते हुए उन्हें एक समर्पित, अनुशासित और प्रेरणादायी सहयोगी बताया।
उन्होंने कहा कि प्रो. दास का योगदान महाविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता को ऊंचाई देने में सदैव याद रखा जाएगा। अपने संबोधन में प्रो. मनोज कुमार दास ने सभी सहयोगियों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जुबिली महाविद्यालय में व्यतीत समय उनके जीवन का सबसे मूल्यवान दौर रहा, जिसे वे सदा संजोकर रखेंगे। कार्यक्रम के अंत में उन्हें सम्मान-पत्र और उपहार भेंट कर भावभीनी विदाई दी गई। इस मौके पर महाविद्यालय के सभी शिक्षक एवं कर्मचारीगण उपस्थित थे।
