भुरकुंडा की तीन बालिकाओं को ब्लैक बेल्ट मिलने पर सुंदर नगर मुखिया ने किया सम्मानित
भुरकुंडा (रामगढ़)। सुंदरनगर पंचायत के मुखिया ब्यास पांडेय ने रविवार को भुरकुंडा की तीन कराटे खिलाड़ियों को ब्लैक बेल्ट प्राप्त करने पर प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया। सम्मानित होने वाली छात्राओं में आलिया खान (कक्षा 11, कैथोलिक आश्रम स्कूल), सिमरन टोप्पो (पैराडाइज स्कूल) और खुशी कुमारी (भुरकुंडा हाई स्कूल) शामिल हैं।
मुखिया ब्यास पांडेय ने तीनों बालिकाओं को बधाई देते हुए कहा कि ब्लैक बेल्ट प्राप्त करना आसान कार्य नहीं है। इसके लिए चार से पांच वर्षों तक कठिन परिश्रम, अनुशासन और नियमित प्रशिक्षण की आवश्यकता होती है। उन्होंने कहा कि लड़कियों को पढ़ाई के साथ-साथ आत्मरक्षा का प्रशिक्षण लेना बेहद जरूरी है, जिससे वे हर परिस्थिति में खुद को सुरक्षित रख सकें। उन्होंने तीनों के उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर कराटे प्रशिक्षक सेंसाई कंचन दास ने बताया कि हाल ही में चतरा जिला के टंडवा पंचायत में ग्रेडिंग परीक्षा का आयोजन किया गया था। इस परीक्षा में टेक्निकल डायरेक्टर जी. बी. थापा द्वारा बेल्ट और प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। टंडवा पंचायत की मुखिया सुनीता देवी ने भी 10 बच्चों को सम्मानित किया था। उन्होंने भुरकुंडा के कराटेकारों के प्रदर्शन की सराहना की।


