मार्शल आर्ट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कराटेकारों को भुरकुंडा ओपी प्रभारी ने किया सम्मानित

भुरकुंडा (रामगढ़)। भुरकुंडा पेट्रोल पंप स्थित अंबेडकर स्थल प्रांगण में रविवार को मार्शल आर्ट सितोरियू कराटे शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कराटे कोच सेंसाई कंचन दास के मार्गदर्शन तथा महिला कराटे प्रशिक्षिका आस्था सिंह (ब्लैक बेल्ट तृतीय डान) के संचालन में प्रतिभागियों को सीनियर कराटे, फाइट, जूडो और लाठी का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षुओं ने एक से बढ़कर एक आत्मरक्षा का प्रदर्शन कर लोगों को प्रभावित किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भुरकुंडा ओपी प्रभारी उपेंद्र कुमार ने सर्वप्रथम बाबा साहेब डॉ. भीम राव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कराटेकारों को ट्रॉफी और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया। सम्मानित होने वाले प्रमुख प्रतिभागियों में आस्था सिंह (ब्लैक बेल्ट तृतीय डान), जो कई स्थानों पर लड़कियों को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दे रही हैं।
इसके अलावे स्मृति मुंडा, सिमरन टोप्पो, आलिया खान, चित्रलेखा कुमारी, खुशी कुमारी, विकास कुमार, रेयांश राज, शिवांश राज, मो. अनीस शामिल हैं। वहीं जूनियर वर्ग में सुमन कुमारी, सोनाली कुमारी, अनन्या कुमारी और कुणाल कुमार को भी सम्मानित किया गया। मौके पर ओपी प्रभारी उपेंद्र कुमार ने कहा कि “पढ़ाई के साथ आत्मरक्षा का प्रशिक्षण प्रत्येक लड़की के लिए जरूरी है।
कराटे न केवल आत्मविश्वास बढ़ाता है, बल्कि शरीर को भी स्वस्थ रखता है। शिविर को सफल बनाने में कोच कंचन दास, अभिभावक कमलनाथ सिंह, रंजीत कुमार, रामचंद्र राम, राजेश मुंडा, सूरज कुमार और सोनू खान का विशेष योगदान रहा। बच्चों के शानदार प्रदर्शन के लिए ओपी प्रभारी सहित उपस्थित लोग बेहद प्रभावित हुए और सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


