भुरकुंडा (रामगढ़)। बेंचमार्क पब्लिक स्कूल की 14 वर्षीय छात्रा स्मृति मुंडा ने आत्मरक्षा और मार्शल आर्ट के क्षेत्र में नया इतिहास रच दिया है। सीतोरियू कराटे के टेक्निकल डायरेक्टर सिन्होन जी.बी. थापा और कोंच कंचन दास के प्रशिक्षण में स्मृति ने ब्लैक बेल्ट द्वितीय डॉन हासिल कर क्षेत्र में अपनी एक अलग पहचान बनाने का गौरव प्राप्त किया है। जी.बी. थापा ने बताया कि स्मृति मुंडा न सिर्फ अपने स्कूल बल्कि पूरे क्षेत्र की लड़कियों के लिए प्रेरणा स्रोत बन गई हैं।
उन्होंने झारखंड स्तर की कराटे प्रतियोगिता में रांची के खेलगांव से दो रजत पदक जीतकर प्रखंड और राज्य का नाम रोशन किया है। कोंच कंचन दास ने बताया कि स्मृति देवरिया निवासी किरण देवी और राजेश मुंडा की 14 वर्षीय पुत्री हैं, जो बेंचमार्क पब्लिक स्कूल में नवम वर्ग की छात्रा हैं। वे सप्ताह में तीन दिन भुरकुंडा स्थित अंबेडकर स्थल के प्रांगण में नियमित रूप से मार्शल आर्ट का प्रशिक्षण लेती हैं।
स्मृति ने कहा कि कराटे प्रशिक्षण से उनका शारीरिक और मानसिक विकास हुआ है, साथ ही पढ़ाई में भी एकाग्रता बढ़ी है। उन्होंने बताया कि कई लड़कियों के कराटे छोड़ देने के बावजूद उन्होंने निरंतर अभ्यास जारी रखा और आज यह मुकाम हासिल किया। मार्शल आर्ट शिक्षक जी.बी. थापा और कोंच कंचन दास ने स्मृति की मेहनत, अनुशासन और निरंतरता की सराहना की।

