रिपोर्ट एस कुमार
सिरका। खोरठा डहर के संस्थापक एवं जनकथाकार प्रेमचंद पुस्तकालय, हेसालौंग के सचिव डॉ. कृष्णा गोप डैफोडिल आदर्श उच्च विद्यालय, कूद, हजारीबाग के रजत जयंती समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। विद्यालय के संस्थापक व निदेशक प्रेमलता देवी, सचिव संजय सागर एवं प्रिंसिपल सौरभ सागर ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया तथा शॉल ओढ़ाकर और बुके भेंट कर सम्मानित किया। अपने संबोधन में डॉ. कृष्णा गोप ने संस्थान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह विद्यालय इस इलाके में ईमानदारी का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि विद्यालय सरकार के सभी नियमों का पालन करते हुए बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर रहा है। 25 वर्षों का यह गौरवशाली सफर कठिन परिस्थितियों को पार करते हुए भी शानदार उपलब्धियों से भरा रहा है। उन्होंने कहा कि विद्यालय बच्चों के सर्वांगीण विकास में लगातार उत्कृष्ट कार्य कर रहा है और इसके कई पूर्व छात्र आज विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
समारोह के अन्य मुख्य अतिथियों में डॉ. ललिता राणा, विभागाध्यक्ष (समाजशास्त्र), आनन्दा महाविद्यालय हजारीबाग तथा डॉ. बी.के. विश्वकर्मा, पूर्व विभागाध्यक्ष (गणित), मार्क्हम कॉलेज ऑफ कॉमर्स, हजारीबाग शामिल रहे। कार्यक्रम में संस्थान के निदेशक ने भी अपनी महत्वपूर्ण बातें साझा कीं। इस अवसर पर विद्यालय के बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई, जिसमें सैकड़ों छात्र-छात्राओं, अभिभावकों एवं ग्रामीणों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति थे।


