कुमार क्लासेस पटेलनगर के बच्चों ने किया रांची के वाइल्ड वादी पार्क का शैक्षणिक भ्रमण, सीखी नई जानकारियां और की खूब मस्ती
भुरकुंडा (रामगढ़)। भुरकुंडा के पटेलनगर चपरासी क्वार्टर स्थित कुमार क्लासेस की ओर से शुक्रवार को बच्चों को शैक्षणिक भ्रमण पर रांची के वाइल्ड वादी पार्क ले जाया गया। इस दौरान बच्चों ने प्राकृतिक वातावरण में विभिन्न जीव-जंतुओं और पेड़-पौधों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। भ्रमण में कोचिंग के लगभग 25 छात्र-छात्राएं शामिल हुए।
संस्था के निदेशक संतोष कुमार ने बताया कि ऐसे शैक्षणिक भ्रमण बच्चों की मानसिक और बौद्धिक क्षमता को विकसित करते हैं। कक्षा से बाहर निकलकर बच्चे व्यावहारिक ज्ञान हासिल करते हैं और टीमवर्क, अनुशासन व पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता भी सीखते हैं। उन्होंने आगे कहा कि हमारा उद्देश्य केवल पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों को जीवन के हर पहलू से जोड़कर शिक्षित बनाना है। भ्रमण के दौरान शिक्षिका शिवांगी गुप्ता भी बच्चों के साथ रहीं। बच्चों ने पार्क में झूलों, झरनों और प्राकृतिक दृश्यों का भरपूर आनंद लिया तथा दिन को यादगार बना लिया।

