भुरकुंडा (रामगढ़)। पूर्व निर्धारित सूचना के आलोक में सोमवार को सौंदा डी पंचायत भवन में ग्रामसभा का आयोजन किया गयाा। इसकी अध्यक्षता स्थानीय मुखिया उपेंद्र शर्मा और संचालन पंचायत सचिव खुशबू रानी ने किया। ग्रामसभा का मुख्य उद्देश्य गुरु पुस्तकालय निर्माण से संबंधित प्रस्ताव पर चर्चा करना था। ग्रामसभा में यह निर्णय लिया गया कि पुस्तकालय का निर्माण पंचायत सचिवालय परिसर में किया जाएगा, जिसका निर्माण कार्य जिला खनन मद (डीएमएफटी) के तहत संपन्न होगा।
ग्रामसभा में उपस्थित सदस्यों ने पुस्तकालय निर्माण को ग्रामीण क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया, जिससे क्षेत्र के छात्र-छात्राओं एवं युवाओं को अध्ययन के लिए उपयुक्त वातावरण उपलब्ध होगा। मौके पर पंचायत समिति प्रतिनिधि डब्लू पांडेय, वार्ड सदस्य प्रतिनिधि अरविंद ओझा, नरेंद्र कुमार, पंचायत स्वयंसेवक संतोष रजक एवं समाजसेवी मंटु छाबड़ा सहित कुल 22 ग्रामीण उपस्थित थे।
