भुरकुंडा (रामगढ़)। सामाजिक संस्था नवभारत निर्माण संघ के सौजन्य से सोमवार को भुरकुंडा पंचायत भवन में निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 70 लोगों की आंखों की जांच की गई, जिनमें 8 लोगों में मोतियाबिंद के लक्षण पाए गए। अन्य लोगों को चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया। नेत्र जांच शिविर डॉ. राजेंद्र प्रसाद के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
संस्था की ओर से बताया गया कि जिन लोगों में मोतियाबिंद के लक्षण पाए गए हैं, उनका निःशुल्क ऑपरेशन रामगढ़ के ललिता नेत्रालय में कराया जाएगा। मौके पर मुखिया अजय पासवान ने कहा कि यह शिविर क्षेत्र के जरूरतमंद लोगों के लिए दृष्टि संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय पहल साबित हुआ। उन्होंने कहा कि पंचायत का चहुंमुखी विकास के साथ-साथ क्षेत्रवासियों को स्वास्थ्य लाभ दिलाने के उद्देश्य से आगे भी निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया जायेगा। शिविर को सफल बनाने में स्थानीय मुखिया अजय पासवान, शिव दयाल सिंह, मनीष कुमार सिन्हा, करण रवि सहित कई लोगों का विशेष योगदान रहा।
