रिपोर्ट आरिफ कुरैशी
रामगढ़। आधारभूत संरचनाओं, एफआरए तथा विभिन्न परियोजनाओं को लेकर बुधवार को उपायुक्त रामगढ़ श्री फैज अक अहमद मुमताज की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक के दौरान उपायुक्त ने सीसीएल, पथ निर्माण विभाग, पीवीयूएनएल, सहित अन्य परियोजनाओं के अधिकारियों से उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए एफआरए, एनओसी, जमीन अधिग्रहण सहित लंबित मामलों की जानकारी लेने के उपरांत जल्द से जल्द कार्रवाई करते हुए उनके निष्पादन के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
उपायुक्त ने अंचलवार अंचल अधिकारियों से उनके उनके क्षेत्रों में चल रही परियोजनाओं में भूमि सहित अन्य मामलों के तहत हो कार्यों की जानकारी लेने के उपरांत मामलो पर कार्रवाई करते हुए ससमय उनका निष्पादन करने का निर्देश दिया। समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने सभी परियोजनाओं के अधिकारियों को किए जा रहे कार्यों के दौरान आने वाली समस्याओं से जिला प्रशासन को नियमित रूप से अवगत कराने का निर्देश दिया। बैठक के दौरान अपर समाहर्ता रामगढ़, अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता विभिन्न परियोजनाओं के महाप्रबंधक, जिला स्तरीय अधिकारियों, अंचल अधिकारियों सहित अन्य उपस्थित थे।

