उरीमारी परियोजना के आशीर्वाद कंस्ट्रक्शन में हाईवॉल गिरने से दो मजदूरों की मौत
भुरकुंडा (रामगढ़)। उरीमारी परियोजना के आउटसोर्सिंग कार्य में लगी आशीर्वाद कंस्ट्रक्शन में 20 दिसंबर 2025 की रात एक दर्दनाक दुर्घटना हो गई। खदान में हाईवॉल गिरने से दो मजदूर सुनील यादव और राजू पासवान की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों मृतक आशीर्वाद कंस्ट्रक्शन में कार्यरत थे। इस घटना को लेकर कोल माइंस वर्कर्स यूनियन के बरका-सयाल क्षेत्रीय सचिव डॉ. आशीष कुमार ने प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि खदान के भीतर सुरक्षा नाम की कोई व्यवस्था नहीं है और कोल इंडिया लिमिटेड के सुरक्षा नियमों को ताक पर रखकर मजदूरों से जान जोखिम में डालकर काम कराया जा रहा है। डॉ. आशीष कुमार के अनुसार डीएमएस सहित अन्य सुरक्षा प्रबंध केवल कागजी खानापूर्ति तक सीमित है। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी यूनियन की ओर से लिखित शिकायतें की गई थीं और निरीक्षण में खदान में सुरक्षा व्यवस्था के घोर अभाव की पुष्टि हुई थी।
हाईवॉल के समीप मजदूरों से काम कराया जाना कभी भी बड़ी दुर्घटना को न्योता दे सकता था, लेकिन प्रबंधन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। यूनियन ने खान सुरक्षा अधिकारी से पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने, दोषियों पर हत्या (धारा 302) का मुकदमा दर्ज करने तथा सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही ऑल इंडिया सेंट्रल काउंसिल ऑफ ट्रेड यूनियन्स से कोर्ट ऑफ इंक्वायरी कराने की मांग भी उठाई गई है।
मांगों में मृतक मजदूरों के आश्रितों को मुआवजे के रूप में एक-एक करोड़ रुपये तथा उनके परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की बात शामिल है। चेतावनी दी गई है कि मांगें नहीं मानी गईं तो कोल माइंस वर्कर्स यूनियन उग्र आंदोलन करेगी। घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए यूनियन पदाधिकारियों ने मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। शोक व्यक्त करने वालों में डॉ. आशीष कुमार, नकुल यादव, राहुल सिंह, मधु बाउरी, सोमरा मुंडा प्रमुख रूप से शामिल हैं।


