भुरकुंडा (रामगढ़)। रिवर साइड स्थित नेहरू पार्क के सबसे पुराने दुर्गा मंडप में कराए गए निर्माण कार्य को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं। मामले को लेकर के चीफ हाउस मुखिया विकास पांडे और पूजा कमिटी ने सीसीएल के इंजीनियर और ठेकेदार पर काम में भारी लापरवाही बरतने तथा बिना कार्य पूर्ण कराए ही राशि निकासी कराने का आरोप लगाया है। जानकारी के अनुसार, कई वर्षों बाद इस वर्ष पूजा से पहले सीसीएल के माध्यम से टेंडर कर मंडप में निर्माण कार्य शुरू कराया गया था।

पूजा नजदीक आने पर ठेकेदार ने यह कहकर काम टाल दिया कि पूजा के बाद पुट्टी व रंग-रोगन सहित शेष कार्य पूरा कर दिया जाएगा। लेकिन पूजा समाप्त हुए करीब तीन माह बीत जाने के बावजूद कार्य अब तक अधूरा पड़ा है। स्थानीय मुखिया विकाश पांडेय ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में इंजीनियर और ठेकेदार से कई बार बात की। शुरुआत में कुछ दिनों में काम पूरा करने का आश्वासन दिया गया, लेकिन अब स्थिति यह है कि इंजीनियर फोन तक नहीं उठा रहे हैं।
मुखिया ने यह भी आरोप लगाया कि जो कार्य किया गया है, वह भी मनमाने और घटिया स्तर का है। मंडप में लगाए गए स्टील गेट और रेलिंग में घटिया क्वालिटी का स्टील उपयोग किया गया है। इस शिकायत पर इंजीनियर ने पहले कहा था कि इसकी भरपाई मंडप के अन्य कार्यों में कर दी जाएगी, लेकिन अब कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। पूजा कमिटी का कहना है कि जानकारी लेने पर पता चला कि अधूरे कार्य की राशि की निकासी पहले ही हो चुकी है, जबकि पूजा कमिटी के सामने कभी न तो नापी कराई गई और न ही काम को पूर्ण बताया गया।

कमिटी ने यह भी बताया कि ठेकेदार ने पूजा कमिटी के पैसों से सीमेंट और 16 पैकेट टाइल्स भी यह कहकर खरीदे थे कि आगे का काम बेहतर तरीके से कर मंडप को आकर्षक बनाया जाएगा, लेकिन वह वादा भी पूरा नहीं हुआ। इन आरोपों के साथ मुखिया एवं पूजा कमिटी ने सीसीएल प्रबंधन से मांग की है कि बरका सयाल क्षेत्र के जीएम एवं (सिविल) स्वयं इस मंडप के निर्माण कार्य की निगरानी में जांच कराएं, घटिया सामग्री को बदलवाया जाए और अधूरा कार्य शीघ्र पूरा कराया जाए।


