रिपोर्ट आरिफ कुरैशी
रामगढ़। रामगढ़ जिले में अवैध कोयला उत्खनन के खिलाफ पुलिस और संबंधित विभागों की संयुक्त टीम लगातार कार्रवाई कर रही है। केदला ओपन कास्ट क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने की पहल की गई। रामगढ़ पुलिस अधीक्षक अजय कुमार को प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर वेेस्ट बोकारो ओपी क्षेत्र अंतर्गत केदला ओपन कास्ट नंबर-06 में अवैध कोयला उत्खनन की सूचना मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर संयुक्त टीम का गठन कर कार्रवाई की गई।
मंगलवार को केदला ओपन कास्ट नंबर-06 क्षेत्र में कंट्रोल ब्लास्टिंग के माध्यम से अवैध मुहानों को बंद करने की कार्रवाई की गई। इस संयुक्त अभियान में वेस्ट बोकारो ओपी, खनन विभाग, वन विभाग एवं सीसीएल की टीम शामिल रही। प्रशासन द्वारा प्रत्येक माह अवैध उत्खनन वाले क्षेत्रों की समीक्षा कर संबंधित थाना और ओपी प्रभारियों को समन्वय स्थापित कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया जाता है। इसी क्रम में झारखंड ओपन कास्ट नंबर-15, सारूबेड़ा, 09 नंबर क्षेत्र एवं परहेज क्षेत्र में डोजरिंग कर कई अवैध मुहानों को बंद किया गया है।
इसके अलावा कुजू थाना क्षेत्र के बनवार, महुआ टुंगरी, तोपा सहित अन्य क्षेत्रों में भी लगातार अभियान चलाकर अवैध मुहानों को बंद किया जा रहा है। वहीं मांडू थाना क्षेत्र के पुंडी, रावली मोड़, बिरसा टोला, सुल्तान खदान, महुआ टोला, हेसागढ़ा एवं कस्मात में भी कई मुहानों को बंद करने के साथ वाहनों को जब्त किया गया है। अवैध रूप से उत्खनन कर एकत्रित किए गए कोयले को भी जब्त किया गया है तथा इस संबंध में संबंधित लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने सभी थाना एवं ओपी प्रभारियों को सख्त निर्देश दिया है कि किसी भी स्थिति में अवैध उत्खनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही पुरानी और जर्जर खदानों, जहां से ग्रामीण कोयला काटते हैं और हादसे की आशंका रहती है, वहां भी सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।


