भुरकुंडा (रामगढ़)। सदगुरु सदाफलदेव विहंगम योग संस्थान के तत्वावधान में रामगढ़ जिले में मंगलवार को भव्य सत्संग समारोह का आयोजन किया गया। समारोह को संबोधित करते हुए विहंगम योग के युवा प्रचारक एवं योग प्रशिक्षक संतोष अग्रवाल ने कहा कि जीवित माता-पिता की सेवा ही सच्चा श्राद्ध है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में पितृ पक्ष का पावन समय चल रहा है, जिसमें हम सभी अपने पूर्वजों का पिंडदान और तर्पण करते हैं। यह परंपरा हमारी संस्कृति का हिस्सा है, किंतु दुख की बात यह है कि कई लोग घर में जीवित माता-पिता और बुजुर्गों की उपेक्षा करते हैं, उनका तिरस्कार करते हैं, यहां तक कि उन्हें वृद्धाश्रम में छोड़ आते हैं।
संतोष अग्रवाल ने कहा कि मृत्यु के बाद बड़े-बड़े श्राद्ध और तर्पण करने से पहले हमें अपने जीवित माता-पिता की सेवा करनी चाहिए। जो व्यक्ति जीवित माता-पिता और बुजुर्गों के प्रति सच्ची श्रद्धा और प्रेम रखते हैं, वही वास्तव में मृतक पूर्वजों का श्राद्ध करने के अधिकारी हैं।

