रक्षाबंधन भाई-बहन के प्रेम, और सुरक्षा के संकल्प का है प्रतीक : गीता मेहता
रजरप्पा। पवित्र त्यौहार रक्षाबंधन के पावन पर्व पर विश्व हिंदू परिषद् की आयाम संगठन दुर्गा वाहिनी रामगढ़ जिला सह संयोजिका गीता मेहता और दुर्गा वाहिनी की कार्यकर्ता दिव्या कुमारी ने शनिवार को जिले के विभिन्न अस्पतालों में जाकर डॉक्टरों, स्वास्थ्य कर्मियों एवं इलाजरत मरीजों को रक्षा सूत्र बांधकर भाई-बहन के इस पवित्र त्योहार को मनाया।
कार्यक्रम की शुरुआत में गीता मेहता एवं दिव्या कुमारी ने रामगढ़ के सुप्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. राहुल बरेलिया को पूरे विधि-विधान के साथ रक्षा सूत्र बांधकर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद वहां उपस्थित स्वास्थ्यकर्मियों एवं मरीजों को एक-एक कर रक्षा सूत्र बांधा गया। इस अवसर पर दुर्गा वाहिनी जिला सह संयोजिका गीता मेहता ने कहा रक्षाबंधन का दिन भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और सुरक्षा के संकल्प का प्रतीक है।
कई भाई एवं छोटे बच्चे अस्पताल में इलाजरत होने के कारण अपने घर नहीं जा पाते। ऐसे में हमने यह ठाना कि हम उनके पास जाकर यह पर्व मनाएं, ताकि उन्हें भी अपनेपन और परिवार का अहसास हो। मौके पर दिव्या कुमारी ने कहा रक्षाबंधन केवल राखी बांधने का त्योहार नहीं, बल्कि एक भाव है जो हमें हर परिस्थिति में एक-दूसरे का साथ निभाने की प्रेरणा देता है।
आज डॉक्टर, नर्स और स्वास्थ्यकर्मी दिन-रात समाज की सेवा कर रहे हैं, उनके साथ यह पर्व मनाना हमारे लिए गर्व की बात है। इस दौरान अस्पताल परिसर में उत्साह और भावनाओं का सुंदर संगम देखने को मिला। सभी ने बहनों के इस प्रयास की सराहना करते हुए आशीर्वाद और शुभकामनाएं दीं।इस अवसर मुख्य रूप से ज्ञान महिला समिति के संस्थापक विनोद जायसवाल भी उपस्थित थे।


