पूर्व विधायक अंबा प्रसाद ने छठी मैया से क्षेत्र की हरियाली और खुशहाली की कामना की

छठ व्रतियों के घर जाकर ग्रहण की खरना का प्रसाद
भुरकुंडा (रामगढ़)। चैती छठ महापर्व के पावन अवसर पर पूर्व विधायक अंबा प्रसाद अपने दर्जनों समर्थकों के साथ छठ व्रतियों के घर पहुंचीं और खरना का प्रसाद ग्रहण की। इस दौरान उन्होंने व्रतियों से आशीर्वाद लिया और छठी मैया से अपने क्षेत्र की हरियाली, खुशहाली और समृद्धि की कामना की।
पूर्व विधायक अंबा प्रसाद जवाहर नगर सहित अन्य क्षेत्रों में भी गईं, जहां उन्होंने छठ पर्व पर विशेष रूप से तैयार किए गए खरना प्रसाद को ग्रहण किया और श्रद्धालुओं के बीच आत्मीयता बढ़ाई। उनके आगमन से व्रतियों और स्थानीय लोगों में उत्साह देखा गया। क्षेत्रवासियों ने भी उनकी सादगी और जनसेवा की भावना की सराहना की।
इस दौरान पूर्व विधायक अंबा प्रसाद झामुमो नेता मुकेश राउत के जवाहर नगर स्थित आवास पर भी पहुंचीं, जहां उन्होंने छठ पर्व के अवसर पर प्रसाद ग्रहण किया। छठ पर्व की महिमा का बखान करते हुए पूर्व विधायक ने कहा कि यह त्योहार न केवल आस्था और श्रद्धा का प्रतीक है, बल्कि यह समाज को एकजुट करने का भी कार्य करता है।
उन्होंने कहा कि सूर्योपासना के इस महापर्व से समाज में सकारात्मक ऊर्जा और उत्साह का संचार होता है। साथ ही, यह पर्व प्रकृति और मानव जीवन के बीच संतुलन बनाए रखने का संदेश भी देता है। मौके पर जयंती तुरी, मुकेश राउत, मोहम्मद इमरान अंसारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।