
20 को भुरकुंडा में लगेगा सदस्यता शिविर, 23 को रांची में होगा आरक्षण बढ़ाओ-रोजगार दो सम्मेलन
संगठन में बहुत ताकत होती है : महेश्वर साहु
भुरकुंडा (रामगढ़)। भुरकुंडा के जवाहर नगर स्थित कार्यालय में झारखंड प्रदेश वैश्य मोर्चा की बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष मुकेशलाल सिंदूरिया एवं संचालन महासचिव भुनेश्वर साव ने किया। बैठक में बतौर मुख्य अतिथि केंद्रीय अध्यक्ष महेश्वर साहु उपस्थित थे। केंद्रीय समिति के तय कार्यक्रम के तहत पतरातू प्रखंड में भी सदस्यता अभियान की शुरुआत की गयी। इस अवसर पर कई नये लोगों ने वैश्य मोर्चा का सदस्यता ग्रहण की।
वहीं पुराने सदस्यों ने अपनी सदस्यता का नवीकरण कराया। जबकि आम लोगों को सदस्य बनाने के लिए 20 मार्च को भुरकुंडा में सदस्यता शिविर लगाने का निर्णय लिया गया। तय किया गया कि वैश्य दिवस 23 अप्रैल तक पतरातू प्रखंड में एक हजार नये सदस्य बनाये जाएंगे। बैठक में आगामी 23 मार्च को रांची में होने वाले ‘आरक्षण बढ़ाओ-रोजगार दो सम्मेलन’ की चर्चा करते हुए कहा गया कि इस सम्मेलन में पतरातू प्रखंड से 100 प्रतिनिधि शामिल होंगे।
मौके पर केंद्रीय अध्यक्ष महेश्वर साहु ने कहा कि सदस्यता अभियान चला कर सदस्यों को जोड़ने का काम जारी रखा जायेगा। उन्होंने कहा कि संगठन में बहुत ताकत होती है। संगठित और जागरूक समाज के लिए सभी दल, नेता और सरकार चिंता करती है। बिखरे लोगों को हमेशा विभिन्न समस्याओं से जूझना पड़ता है। श्री साहु ने कहा कि वैश्य मोर्चा में हर उस व्यक्ति का स्वागत है, जो समाज और संगठन के बारे में सोचता है।
बैठक में केंद्रीय उपाध्यक्ष दिनेश्वर साहु, केंद्रीय महासचिव आदित्य नारायण प्रसाद, रामाशंकर राजन, मुख्य प्रवक्ता सह जिला प्रभारी बीरेन्द्र कुमार, कैलाश प्रसाद, अजय कुमार साहु, अशोक साव, देव कुमार पंडित, भरत केशरी, उपेन्द्र शर्मा, महिला मोर्चा की प्रखंड अध्यक्ष गीता देवी राणा, चिंता देवी आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे।