आवागमन बाधित, विधायक रोशन लाल चौधरी ने शीघ्र निर्माण कराने का दिया आश्वासन
भुरकुंडा (रामगढ़)। पिछले चार दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने पूरे क्षेत्र में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। भारी बारिश के चलते कई सड़क मार्ग और पुल-पुलियाएं क्षतिग्रस्त हो गई हैं, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इधर भारी बारिश के कारण आईएजी ग्लास फैक्ट्री की आवासीय कॉलोनी को दुर्गा मंडप से जोड़ने वाली प्रमुख पुलिया पूरी तरह से ध्वस्त हो गई है।
इस पुलिया के टूट जाने से कॉलोनी के सैकड़ों लोगों की दैनिक गतिविधियां बाधित हो गई हैं। इस गंभीर समस्या की जानकारी पूर्व जिप उपाध्यक्ष मनोज राम, लपंगा पंचायत के मुखिया आनंद दुबे एवं समाजसेवी राजेश मंडल द्वारा बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी को दी गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए
विधायक ने स्थल का अवलोकन कराया और आश्वासन दिया कि इस पुलिया का निर्माण कार्य जल्द से जल्द प्रारंभ कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि विधायक निधि अथवा डीएमएफटी (जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट) फंड, जो भी पहले स्वीकृत होगा, उसके माध्यम से इस कार्य को प्राथमिकता पर कराया जाएगा ताकि लोगों को हो रही परेशानी से राहत मिल सके। स्थानीय लोगों ने विधायक के आश्वासन पर संतोष जताया और शीघ्र समाधान की उम्मीद की।


