रिपोर्ट एस कुमार
गिद्दी/सिरका। रेलीगड़ा लोकल सेल कंटाघर के समीप दंगल मजदूरों का आंदोलन लगातार पाँचवे दिन भी जारी रहा। मजदूरों की मांग है कि लिफ्टर द्वारा उनकी लंबित मजदूरी का अविलंब भुगतान किया जाए। उनका कहना है कि जब तक लिफ्टर रेलीगड़ा में कार्यरत रोड सेल मजदूरों का बकाया नहीं चुकाता, तब तक अनिश्चितकालीन आंदोलन जारी रहेगा।
बताया गया कि रेलीगड़ा लोकल सेल में लगभग 248 दंगल मजदूर जीविकोपार्जन के लिए ट्रक लोडिंग का कार्य करते हैं। क्षेत्र के 10 से 12 गाँवों के गरीब ग्रामीण वर्षों से इस परियोजना से जुड़े हुए हैं और लोकल सेल में कार्य कर अपना पेट पाल रहे हैं। डिओ धारकों एवं लिफ्टरों के माध्यम से ही इन मजदूरों को मजदूरी दी जाती रही है।
मजदूरों ने चेतावनी दी है कि यदि उनके हक का पैसा देने में प्रबंधन और लिफ्टर द्वारा सकारात्मक पहल नहीं की गई तो आंदोलन और उग्र रूप धारण कर सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि रेलीगड़ा लोकल सेल में अब माफिया तंत्र नहीं चलने देंगे और मजदूरों का हक छीनने का कोई भी प्रयास बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मजदूरों ने यह भी कहा कि लिफ्टर रवि महतो के पास मजदूरी की बकाया राशि है, जिसे तुरंत भुगतान किया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने ऐलान किया कि मजदूरों का हक मिलेगा मजदूरी लेकर रहेंगे।


