थाना प्रभारी कैलाश कुमार ने स्वच्छता, सुरक्षा और सुविधाओं का लिया जायजा, दिये आवश्यक दिशा-निर्देश
भुरकुंडा (रामगढ़)। लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा को लेकर बासल थाना अंतर्गत मां पंचवाहिनी मंदिर लबगा, जोड़ा पोखर, रसदा सहित विभिन्न छठ घाटों पर रविवार को साफ-सफाई अभियान चलाया गया। साथ ही सुरक्षा की दृष्टि से घाटों पर बैरिकेटिंग की व्यवस्था भी की गई। इस कार्य में बासल थाना प्रभारी कैलाश कुमार के नेतृत्व में एसआई विपिन कुमार, एएसआई लालदेव महतोद्व अन्य पुलिस पदाधिकारी, पुलिसकर्मी,
चौकीदार, लबगा पंचायत के मुखिया पति लालू महतो, सामाजिक कार्यकर्ता अरुण साव, मिलन कुमार, लखन मुंडा, छोटू साव सहित कई ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। सभी ने मिलकर घाटों की सफाई की तथा श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान थाना प्रभारी कैलाश कुमार ने घाटों की स्वच्छता,
सुरक्षा व्यवस्था, रोशनी, बैरिकेडिंग और पानी की गहराई जैसे पहलुओं पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व आस्था और सूर्य उपासना का पर्व है, इसलिए श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी विभाग समन्वय बनाकर कार्य करें ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो।


