भुरकुंडा (रामगढ़)। समुदाय विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए पीवीयूएन लिमिटेड ने पतरातु क्षेत्र में किशोरियों के स्वास्थ्य एवं मासिक स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक सराहनीय पहल की। इस कार्यक्रम के माध्यम से बालिकाओं के स्वास्थ्य, गरिमा और शिक्षा को सशक्त करने की दिशा में ठोस कदम उठाया गया। कार्यक्रम के तहत एस.एस. हाई स्कूल, पतरातु एवं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, पतरातु में सेनेटरी नैपकिन वेंडिंग मशीनों का उद्घाटन किया गया।
इस अवसर पर एसएमएस की अध्यक्ष, पीवीयूएन लिमिटेड के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ), मेडिकल टीम तथा सीएसआर,सीडी टीम उपस्थित रही। साथ ही दोनों विद्यालयों की छात्राओं के बीच कुल 10,000 सेनेटरी नैपकिन का वितरण किया गया। पीवीयूएनएल के अधिकारियों ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य किशोरियों को स्वच्छ और सुरक्षित मासिक उत्पादों की सहज उपलब्धता सुनिश्चित करना है, ताकि मासिक धर्म से जुड़े सामाजिक संकोच और झिझक को कम किया जा सके।
इससे न केवल बालिकाओं का स्वास्थ्य बेहतर होगा, बल्कि उनकी नियमित विद्यालय उपस्थिति और आत्मविश्वास में भी वृद्धि होगी। विद्यालय प्रबंधन और छात्राओं ने इस पहल का स्वागत करते हुए पीवीयूएन लिमिटेड का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रयास ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में बालिकाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं ।

