रिपोर्ट एस कुमार
गिद्दी/सिरका। डीएवी पब्लिक स्कूल गिद्दी ‘ए’ में महान समाज सुधारक एवं आर्य समाज के संस्थापक स्वामी दयानंद सरस्वती जी की 202 वीं जयंती श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य मनप्रिय चटर्जी एवं शिक्षकों द्वारा स्वामी दयानंद जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने भाषण, कविता पाठ एवं भजन प्रस्तुत कर स्वामी जी के जीवन, आदर्शों और समाज सुधार में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। विद्यालय परिसर में एक विशेष हवन तथा प्रार्थना समारोह का आयोजन किया गया जिसमें विश्व शांति और मानव कल्याण के लिए प्रार्थना की गई।
वक्ताओं ने बताया कि स्वामी दयानंद सरस्वती ने वेदों की ओर लौटने का संदेश देते हुए शिक्षा, समानता और सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन पर विशेष बल दिया। प्राचार्य महोदय ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को स्वामी जी के सिद्धांतों को अपनाने और सत्य, अनुशासन तथा नैतिकता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ समारोह का समापन हुआ। इस अवसर पर विद्यालय में सभी शिक्षक और शिक्षिकाएं उपस्थित थे।


