रिपोर्ट एस कुमार
सिरका। सरस्वती विद्या मंदिर, सिरका में गुरुवार को भारत रत्न महामना पंडित मदन मोहन मालवीय एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दोनों महान विभूतियों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। विद्यालय के प्रधानाचार्य शंभु कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि महामना मालवीय जी ने शिक्षा, राष्ट्रनिर्माण एवं भारतीय संस्कृति के संरक्षण में अतुलनीय योगदान दिया,
जबकि अटल बिहारी वाजपेयी जी ने अपने विचारों, काव्यात्मक भाषण शैली और कुशल नेतृत्व के माध्यम से देश को नई दिशा प्रदान की। इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा भाषण, कविता पाठ एवं विचार प्रस्तुति के माध्यम से दोनों महापुरुषों के जीवन, आदर्शों एवं राष्ट्र के प्रति उनके योगदान पर प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम के माध्यम से छात्रों में राष्ट्रभक्ति, नैतिक मूल्यों और सामाजिक दायित्व की भावना को जागृत करने का संदेश दिया गया। अंत में प्रधानाचार्य शंभु कुमार सिंह ने विद्यार्थियों से दोनों महान नेताओं के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के सभी आचार्य एवं दीदी उपस्थित थे।

