रिपोर्ट सज्जाद आरिफ
दुलमी। रामगढ़ जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक ममता देवी के निर्देशानुसार आगामी 28 दिसंबर को कांग्रेस पार्टी के स्थापना दिवस को भव्य रूप से मनाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी क्रम में बुधवार को दुलमी प्रखंड में एक आवश्यक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में मुख्य रूप से दुलमी प्रखंड के पूर्व प्रमुख सह कांग्रेस के जिला सचिव एवं प्रखंड प्रभारी सुरेंद्र करमाली उपस्थित थे।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष पूरे रामगढ़ जिले में कांग्रेस पार्टी का स्थापना दिवस पंचायत स्तर पर मनाया जाएगा। इसी कड़ी में दुलमी प्रखंड के सभी 10 पंचायतों में भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रखंड प्रभारी सुरेंद्र करमाली ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस पार्टी के गौरवशाली इतिहास पर जनता के साथ चर्चा की जाएगी।
भारत की आजादी में कांग्रेस पार्टी के योगदान को जन-जन तक पहुंचाने का लक्ष्य है। साथ ही औद्योगिक क्रांति में पंडित जवाहरलाल नेहरू की भूमिका और राजीव गांधी के कार्यकाल में आई संचार क्रांति पर भी विस्तार से चर्चा की जाएगी, जिसकी सराहना आज पूरे देश में की जाती है। बैठक में प्रखंड अध्यक्ष प्रकाश करमाली, महासचिव अल्ताफ अंसारी, तैयब अंसारी सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।


