दो अलग-अलग मार्गों पर होगी बालक-बालिकाओं की दौड़, सुरक्षा, यातायात, वीडियोग्राफी और भोजन व्यवस्था को लेकर लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय
रिपोर्ट एस कुमार
गिद्दी/सिरका। आगामी 2 अक्टूबर को आयोजित होने वाली मिनी मैराथन को लेकर बुधवार, 9 सितंबर 2026 की देर शाम जोगा मांझी चौक पर यूथ स्पोर्टिंग क्लब डाड़ी के पदाधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में मिनी मैराथन से संबंधित लगभग सभी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में उपस्थित सभी वक्ताओं ने अपने-अपने विचार अनुशासित ढंग से रखे। चर्चा के बाद आयोजन की व्यवस्था से जुड़े कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर सहमति बनी।
बैठक में निर्णय लिया गया कि मैराथन के प्रारंभ से लेकर अंत तक पूरे आयोजन की वीडियोग्राफी कराई जाएगी, ताकि किसी प्रकार की आपत्ति की स्थिति में वीडियो साक्ष्य को प्रमाण के रूप में माना जा सके। बालक एवं बालिका वर्ग की मैराथन दौड़ के लिए दो अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं। अंडर-14 बालक वर्ग एवं ओपन बालक वर्ग के प्रतिभागी जोगा चौक से कनकी वाले रास्ते पर दौड़ेंगे, जबकि अंडर-14 बालिका वर्ग एवं ओपन बालिका वर्ग के प्रतिभागियों के लिए बलसगरा वाला रास्ता निर्धारित किया गया है। दोनों मार्गों पर मेडिकल टीम की व्यवस्था रहेगी।
यातायात प्रबंधन के लिए दोनों रास्तों पर ध्वज लगी मोटरसाइकिलें रहेंगी। सभी खिलाड़ियों के लिए बीब नंबर लगाना अनिवार्य होगा और इसी बीब नंबर का प्रयोग भोजन व्यवस्था के लिए भी किया जाएगा। प्रत्येक खिलाड़ी के लिए टोकन लेना भी अनिवार्य होगा, जिसे चार्ट पेपर पर नंबरिंग सिस्टम के माध्यम से तैयार किया जाएगा। बैठक में आयोजन में शामिल होने वाले सभी सम्मानित अतिथियों को कार्यक्रम से दो-तीन दिन पूर्व फोन अथवा व्यक्तिगत रूप से जाकर सूचना देने पर सहमति बनी। सहयोग राशि के लिए जिन लोगों के पास लंबित सूची है, उनसे संपर्क कर सहयोग राशि पूर्ण करने की बात कही गई।
प्रतिभागियों के नामांकन के लिए प्रत्येक विद्यालय से एक शिक्षक को नामित करने का निर्णय लिया गया, जो संबंधित विद्यालय के प्रतिभागियों की देखरेख करेंगे। अगली बैठक में टेक्निकल ऑफिशियल के रूप में रहने वाले सदस्यों की मौजूदगी अनिवार्य रखने की बात कही गई। इसमें महिला सदस्य की मौजूदगी भी अनिवार्य होगी। कार्यक्रम की रूपरेखा को और मनोरंजक एवं मनमोहक बनाने के लिए नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
बच्चों के भोजन की व्यवस्था गुरुकुल कोचिंग सेंटर के प्रांगण में करने पर चर्चा हुई। द्वितीय विकल्प के रूप में सूखा नाश्ता अथवा फल की व्यवस्था रखने की बात कही गई। वहीं, मुख्य अतिथि से संपर्क कर उन्हें कार्यक्रम की जानकारी देने तथा सहयोग राशि से संबंधित बातचीत करने की जिम्मेदारी जानकी जी एवं सचिव महोदय को दी गई।
बैठक में आयोजन के संरक्षक पुरुषोत्तम सिंह बिल्ला, अध्यक्ष मनीष पृथ्वी, सचिव मनोज खरवार, कोषाध्यक्ष मिथुन कुमार महतो सहित कार्यकारिणी समिति से प्रदीप महतो, गुलचंद महतो, शिबु कुमार महतो, सहदेव प्रसाद, सतेंद्र कुमार महतो, ओम प्रकाश महतो, आजाद कुमार यादव, जानकी कुमार, सचिन कुमार शर्मा, प्रकाश कुमार महतो, पिंटू महतो, प्रवीण कुमार आदि शामिल थे।
