रिपोर्ट आरिफ कुरैशी
रामगढ़। सिविल सर्जन कार्यालय, रामगढ़ के प्रांगण में सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार के मार्गदर्शन और नेतृत्व में एक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर की खास बात यह रही कि आम नागरिकों को प्रेरित करने के लिए खुद सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार और उनके कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर रक्तदान किया। शिविर का उद्घाटन करते हुए सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार ने कहा, “रक्तदान से बड़ा कोई महादान नहीं है।
हमारा एक छोटा सा प्रयास किसी गंभीर मरीज को नया जीवन दे सकता है। स्वास्थ्य विभाग का हर कर्मी समाज की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहता है, और आज हमारे कर्मियों ने स्वयं रक्तदान कर समाज के सामने एक बेहतरीन उदाहरण पेश किया है।” सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार की प्रेरणा से कार्यालय के कई वरिष्ठ पदाधिकारियों, प्रभारियों और लिपिकों ने स्वयं आगे आकर रक्तदान किया,
इस मौके पर मुख्य रूप से शामिल क्षेत्रीय समन्वयक, आईईसी सुनील कुमार मधुकर, स्टोर इंचार्ज आशीष कुमार सिन्हा, डीडीएम, आईडीएसपी सुकांत पांडेय, वीसीसीएम संदीप कुमार, लिपिक अरविंद कुमार आदि मौजूद रहे। इनके साथ ही सिविल सर्जन कार्यालय के अन्य अधिकारियों, कर्मचारियों और स्वास्थ्य कर्मियों ने भी पूरी गर्मजोशी के साथ इस नेक काम में अपना योगदान दिया।
समाज को दिया जागरूकता का संदेश
शिविर के दौरान अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे रक्तदान को लेकर फैले भ्रमों से दूर रहें। नियमित रूप से रक्तदान करने से शरीर स्वस्थ रहता है और ब्लड बैंकों में भी खून की कमी नहीं होती, जिससे आपातकाल में मरीजों की जान बचाई जा सकती है। शिविर के सफल समापन पर सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार ने रक्तदान करने वाले सभी कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया और उनके इस मानवीय व सराहनीय प्रयास के लिए पूरी टीम को बधाई दी।
