रिपोर्ट एस कुमार
रामगढ़। रामगढ़ कैंट सब डिवीजन के मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव रविशंकर राय, प्रधान डाकघर रामगढ़ कैंट के पोस्टमास्टर मो. जसीम खान, सीपीसी इंचार्ज डाक जीवन बीमा रामगढ़ कैंट प्रधान डाकघर आजाद पासवान एवं डाक जीवन बीमा अभिकर्ता, हजारीबाग डिवीजन ने अपने डाक विभाग के कर्मियों-कर्मचारियों, जिले के डाक ग्राहकों एवं जिलेवासियों के अमन-चैन, सुख-समृद्धि के लिए राजस्थान के अजमेर शरीफ स्थित ख्वाजा मोईनुद्दीन चिश्ती की दरगाह पर पूजा-अर्चना की।
इस अवसर पर रविशंकर राय ने अपने सहयोगियों के साथ विश्वकर्मा पूजा के दिन जगत पिता श्री ब्रह्मा मंदिर, पुष्कर में भगवान श्री ब्रह्मा जी के दर्शन भी किए और सभी के लिए आशीर्वाद मांगा। मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव रविशंकर राय ने कहा कि हमारे सभी धर्म हमें आपस में भाईचारा, प्रेम और विश्वास के साथ एकता का संदेश देते हैं। हमारे दिल में सभी धर्मों के प्रति आस्था और विश्वास की भावना रखनी चाहिए।
हमें अपने कर्तव्य का निर्वहन करने के साथ सभी धर्मों के प्रति स्नेह और आस्था बनाए रखनी चाहिए। वहीं, पोस्टमास्टर मो. जसीम खान ने कहा कि समाज के सभी लोगों को एक सूत्र में बंधकर भाईचारा बनाए रखते हुए रहना चाहिए। इसके अलावा रविशंकर राय ने अपने सहकर्मियों के साथ अजमेर के सीनियर पोस्टमास्टर के.के. मीना से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान डाक विभाग की योजनाओं के विस्तार को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
