रिपोर्ट आरिफ कुरैशी
रामगढ़। उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में समाहरणालय में आयोजित जनता दरबार में दिव्यांग जगदेव महतो को जिला प्रशासन द्वारा तत्काल राहत प्रदान की गई। शुक्रवार को आयोजित होने वाले जनता दरबार के दौरान मांडू प्रखंड के बड़कीडुंडी निवासी जगदेव महतो उपायुक्त के समक्ष पहुंचे। उन्होंने अपनी शारीरिक असमर्थता का हवाला देते हुए दैनिक आवागमन में आ रही कठिनाइयों की जानकारी दी और एक ट्राई-साइकिल उपलब्ध कराने की गुहार लगाई।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए उपायुक्त ऋतुराज ने त्वरित संज्ञान लिया और संबंधित अधिकारियों को अविलंब ट्राई-साइकिल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उपायुक्त के आदेश के आलोक में प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा श्री रवींद्र कुमार गुप्ता द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए जगदेव महतो को ट्राई-साइकिल सौंपी गई।
ट्राई-साइकिल प्राप्त करने के उपरांत जगदेव महतो ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि इस सहायता से अब उन्हें आवागमन में आसानी होगी और उनका जीवन बेहतर एवं सुगम हो सकेगा। उन्होंने इस त्वरित मानवीय सहायता के लिए उपायुक्त श्री ऋतुराज एवं जिला प्रशासन को धन्यवाद दिया और आभार व्यक्त किया।
