मामले की छानबीन में जुटी भदानीनगर पुलिस
भुरकुंडा (रामगढ़)। भदानीनगर पुलिस ने सोमवार की देर शाम अमझरिया जंगल से दुपट्टे के फंदे में पेड़ से लटका एक युवती का शव बरामद किया है। शव की शिनाख्त अमझरिया निवासी मांगता बेदिया की 20 वर्षीय पुत्री केशवरिया के रूप में की गई। घटना की सूचना से गांव में मातम का माहौल पसर गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मंगलवार को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार आगामी 6 मार्च को केशवरिया की शादी तिरला ओरमांझी निवासी सन्नु बेदिया से होने वाली थी। इधर पुलिस सन्नु को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। बताया जाता है कि केशवरिया व सन्नु अक्सर एक-दूसरे के गांव पहले से ही आया-जाया करते थें।
सोमवार को सन्नु शादी का कार्ड बांटने अमझरिया आया था। इसी क्रम में केशवरिया और सन्नु दोनों जंगल की ओर निकले थे। जंगल जाने से पहले दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। केशवरिया ने सन्नु का मोबाइल भी पटक दी थी। आरोप है
कि जंगल में सन्नु ने केसरिया को फांसी लगाने के लिए उकसाया था। भदानीनगर ओपी प्रभारी ब्रहमव्रत कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
उन्होंने कहा कि मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है, जल्द ही पूरे घटना का खुलासा हो जायेगा। इधर घटना के बाद से गांव में मातम का माहौल पसरा हुआ है, वहीं केशवरिया के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


