नई दिल्ली। टाटा समूह की दिग्गज कंपनी टाटा स्टील (Tata Steel Q4 Result) ने FY26 की चौथी तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। कंपनी को 31 मार्च, 2026 को समाप्त तिमाही में 2,926 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ है। खास बात है कि कंपनी के नेट प्रॉफिट में 125% की वृद्धि हुई है। पिछले वर्ष की इसी अवधि में कंपनी का शुद्ध लाभ 1,301 करोड़ रुपये था। इसके साथ ही टाटा स्टील ने अपने शेयरधारकों को प्रति शेयर 4 रुपये का डिविडेंड देने का एलान किया है।
इस्पात निर्माता कंपनी का ऑपरेशनल रेवेन्यू वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही में 13% बढ़कर 63,270 करोड़ रुपये हो गया, जबकि वित्त वर्ष 2025 की चौथी तिमाही में यह 56,218 करोड़ रुपये था। 15 मई को टाटा स्टील के शेयर लगभग 2% गिरकर 217 रुपये प्रति शेयर पर बंद हुए। टाटा स्टील ने प्रति शेयर पर 4 रुपये डिविडेंड देने का एलान किया है और इसके लिए रिकॉर्ड डेट 6 जुलाई, 2026 तय की है।
