भुरकुंडा (रामगढ़)।जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे प्रहरी अभियान के तहत शुक्रवार को भुरकुंडा ओपी क्षेत्र में पुलिस द्वारा व्यापक पैदल गश्ती अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व एसडीपीओ राघवेन्द्र शर्मा ने किया। इस दौरान इंस्पेक्टर सत्येंद्र सिंह, भुरकुंडा ओपी प्रभारी उपेन्द्र कुमार एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
पुलिस टीम ने भुरकुंडा बाजार, जवाहर नगर, सौंदा डी, सौंदा बस्ती, सीसीएल सौंदा, सयाल, सेंट्रल सौंदा, रीवर साइड तथा पटेलनगर सहित विभिन्न चौक-चौराहों और संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। गश्ती के दौरान लोगों से बातचीत कर सुरक्षा संबंधी जानकारी भी ली गई। एसडीपीओ राघवेन्द्र शर्मा ने बताया कि एसपी रामगढ़ मुकेश लुनायत के निर्देश पर प्रहरी अभियान सप्ताह में दो बार चलाया जाएगा।
इसके तहत क्षेत्र के चौक-चौराहों, गलियों, मुख्य मार्गों तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य अड्डेबाजी, छेड़खानी, गुंडागर्दी एवं नशेड़ियों पर प्रभावी कार्रवाई करना है। साथ ही इस पहल से अपराध नियंत्रण के साथ आम लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास भी मजबूत होगा।

