रसोई में खाना बनाने के दौरान हुआ था हादसा, रिम्स में चल रहा था इलाज
रजरप्पा। रजरप्पा थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़कीपोना पंचायत के अखरा टोला में बीते दिनों गैस सिलेंडर का पाइप फटने से गंभीर रूप से झुलसी महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतका की पहचान अखरा टोला निवासी लिलमोहन महतो की पत्नी तिरुपति देवी (40 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, तिरुपति देवी रसोई में खाना बना रही थीं। इसी दौरान गैस सिलेंडर का पाइप फटने से अचानक आग लग गई, जिसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गई थीं।
परिजनों एवं स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल उपचार के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया। गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर किया गया था, जहां उनका इलाज चल रहा था। इलाज के दौरान मंगलवार को तिरुपति देवी ने दम तोड़ दिया। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों में मातम पसर गया। घटना के बाद पूरे अखरा टोला में शोक का माहौल है।
