रिपोर्ट आरिफ कुरैशी
रामगढ़। रामगढ़ जिला पुलिस बल में तत्काल प्रभाव से बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। एसपी कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार कुल 13 पुलिस पदाधिकारियों को उनके नाम के सामने अंकित थाना / प्रतिष्ठान में अगले आदेश तक के लिए पदस्थापित किया गया है। जारी आदेश के मुताबिक सबसे बड़ा बदलाव रामगढ़ थाना और यातायात थाना के प्रभारी स्तर पर हुआ है। पुलिस निरीक्षक-सह-थाना प्रभारी, रामगढ़ नवीन प्रकाश पाण्डेय को यातायात थाना प्रभारी बनाया गया है, जबकि यातायात थाना प्रभारी गजेन्द्र कुमार पाण्डेय को रामगढ़ थाना का नया प्रभारी बनाया गया है।
इसी तरह माण्डू और गोला अंचल के अंचल निरीक्षकों को भी आपस में बदला गया है। पुलिस अंचल निरीक्षक रजत कुमार को माण्डू से गोला अंचल भेजा गया है और पंकज कुमार को गोला से माण्डू अंचल लाया गया है। अन्य तबादले इस प्रकार हैं: साइबर थाना में पदस्थापित पुअनि विकास आर्यन को पतरातु का थाना प्रभारी बनाया गया है। पुलिस केन्द्र में पदस्थापित पुअनि अनन्त कुमार सिंह को बासल थाना का प्रभार दिया गया है। पतरातु थाना की पुअनि रेणुका कुमारी दास को महिला थाना, रामगढ़ की नई प्रभारी बनाया गया है।
पतरातु थाना प्रभारी शिवलाल गुप्ता को भुरकुण्डा ओपी प्रभारी बनाया गया है। रामगढ़ थाना के पुअनि रोशन बाड़ा को बरकाकाना ओपी प्रभारी बनाया गया है। बासल, भुरकुण्डा, बरकाकाना और महिला थाना के चार थानाध्यक्षों – कैलाश कुमार, उपेन्द्र कुमार, वीणा कुमार और उमाशंकर वर्मा को पुलिस केन्द्र, रामगढ़ भेजा गया है। सभी पदाधिकारियों को तत्काल अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है।
