सांसद मनीष जायसवाल और विधायक रोशन लाल चौधरी करेंगे शिलान्यास, श्रद्धालुओं से अधिकाधिक संख्या में शामिल होने की अपील
भुरकुंडा (रामगढ़)। पटेलनगर स्थित श्रीश्री शिव शक्ति धाम के पुनर्निर्माण का शुभारंभ 12 जुलाई 2026 (रविवार) को भूमिपूजन एवं शिलान्यास समारोह के साथ होगा। कार्यक्रम का आयोजन प्रातः 11 बजे किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होंगे। मंदिर निर्माण समिति के अनुसार हज़ारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल तथा बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र के विधायक रोशन लाल चौधरी के करकमलों द्वारा विधिवत भूमिपूजन एवं शिलान्यास संपन्न कराया जाएगा।
भूमिपूजन के यजमान उदय सिंह एवं उनकी धर्मपत्नी होंगे। संपूर्ण वैदिक पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान का संचालन पंडित अशोक के निर्देशन में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न होगा। मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नरेश अग्रवाल, उमेश राजगढ़िया एवं बिमल राय ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं एवं धर्मप्रेमी नागरिकों से सपरिवार उपस्थित होकर इस पावन अवसर के साक्षी बनने तथा भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है। बैठक के दौरान समिति के सदस्य बिनोद शर्मा, निर्मल अग्रवाल, सुनील अग्रवाल, मनोज शर्मा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे और कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की।