रिपोर्ट एस कुमार
सिरका। राज्य परियोजना निदेशक, रांची एवं जिला शिक्षा अधीक्षक सह अपर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, झारखंड शिक्षा परियोजना, रामगढ़ के निर्देशानुसार शुक्रवार को उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय कंजगी में खेलो झारखंड खेलो–2026 के अंतर्गत अंडर-17 बालक एवं बालिका वर्ग की विद्यालय स्तरीय खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन बुमरी पंचायत के लोकप्रिय युवा मुखिया करण बेदिया ने विधिवत रूप से फीता काटकर किया।
इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि बच्चों को खेल को खेल भावना के साथ खेलना चाहिए। खेल के क्षेत्र में आज अपार संभावनाएँ हैं और खिलाड़ी खेल के माध्यम से अपना बेहतर भविष्य बना सकते हैं। उन्होंने घोषणा की कि प्रखंड एवं जिला स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के घर जाकर उनके माता-पिता एवं बच्चों को सम्मानित करने के साथ-साथ प्रोत्साहन स्वरूप पुरस्कार भी दिया जाएगा।
खिलाड़ियों एवं विद्यालय के बच्चों का उत्साह बढ़ाते हुए मुखिया करण बेदिया ने अपनी ओर से विद्यालय को एक फुटबॉल भी प्रदान किया। विद्यालय स्तरीय प्रतियोगिता में 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, 800 मीटर एवं 1500 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊँची कूद, गोला फेंक, चक्का फेंक, भाला फेंक सहित एथलेटिक्स के विभिन्न इवेंट के साथ-साथ खो-खो, कबड्डी एवं वॉलीबॉल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर खेल शिक्षक निरंजन महतो ने कहा कि झारखंड सरकार की यह एक सराहनीय पहल है। खेलो झारखंड खेलो के माध्यम से विद्यालय स्तर से प्रतिभावान खिलाड़ियों का चयन कर उन्हें प्रखंड, जिला एवं राज्य स्तर तक अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर दिया जाता है। विद्यालय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी प्रखंड स्तर तथा प्रखंड स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी जिला स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेंगे।
उन्होंने कहा कि खेल बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ-साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं टीम भावना का विकास करता है।विद्यालय परिवार ने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा खिलाड़ियों से अनुशासन एवं खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाध्यापक जय कुमार राम, विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्ष देवंती देवी, खेल शिक्षक निरंजन महतो, ओमप्रकाश महतो, संजय कुमार रवि, अजीत कुमार चौहान, रामानुज कुमार, अविनाश यादव, संजीत कुमार सिंह, रूपेश कुमार, रामदेव बेदिया, पूर्णिमा कुमारी, अमरचंद बेदिया, रोशन लाल बेदिया, सुमन देवी सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएँ एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित थे।
