कार्यकारिणी की बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय, चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष बनाने के लिए स्वतंत्र चुनाव समिति गठित करने पर सहमति
रिपोर्ट एस कुमार
रामगढ़। प्रेस क्लब रामगढ़ की वार्षिक आम सभा को लेकर सोमवार को क्लब परिसर में आयोजित कार्यकारिणी समिति की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। क्लब अध्यक्ष बीरेन्द्र कुमार बीरू की अध्यक्षता एवं सचिव धनेश्वर प्रसाद के संचालन में हुई बैठक में सर्वसम्मति से आगामी 26 जुलाई (रविवार) को क्लब परिसर में वार्षिक आम सभा आयोजित करने का निर्णय लिया गया। बैठक में आम सभा की तैयारियों, चुनाव प्रक्रिया, वित्तीय विषयों तथा संगठनात्मक गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
26 जुलाई को जुटेंगे जिले के पत्रकार
बैठक में निर्णय लिया गया कि वार्षिक आम सभा में जिले के पत्रकारों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इस अवसर पर संगठन की वार्षिक गतिविधियों, उपलब्धियों, भविष्य की योजनाओं तथा विभिन्न प्रशासनिक विषयों पर चर्चा होगी। साथ ही सदस्यों के सुझावों और प्रस्तावों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
कई जनप्रतिनिधि और उद्योग जगत के प्रतिनिधि होंगे शामिल
कार्यकारिणी ने आम सभा को गरिमामय बनाने के लिए विभिन्न जनप्रतिनिधियों एवं औद्योगिक संस्थानों के प्रमुखों को आमंत्रित करने का निर्णय लिया। कार्यक्रम में झारखंड सरकार के मंत्री योगेंद्र प्रसाद के मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं उद्घाटनकर्ता हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल होंगे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में बड़कागांव विधायक रौशनलाल चौधरी, रामगढ़ विधायक ममता देवी एवं वंशीधर गोप को आमंत्रित किया जाएगा। इसके अलावा सीसीएल कुजू के महाप्रबंधक आर.के. सिन्हा, जिंदल प्लांट प्रमुख, सीसीएल बरकासयाल के महाप्रबंधक, आलोक रूंगटा, महावीर रूंगटा तथा बिहार फाउंड्री प्रबंधन सहित कई औद्योगिक एवं सामाजिक क्षेत्र की प्रमुख हस्तियों की उपस्थिति प्रस्तावित है।
निष्पक्ष चुनाव के लिए बनेगी स्वतंत्र चुनाव समिति
बैठक का सबसे महत्वपूर्ण निर्णय आगामी चुनाव को निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने को लेकर रहा। कार्यकारिणी ने तय किया कि चुनाव संचालन के लिए एक स्वतंत्र चुनाव समिति गठित करने का आग्रह किया जाएगा। इसके लिए जिला प्रशासन, अधिवक्ता संघ, रामगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स, शांति धारा फाउंडेशन एवं दामोदर बचाओ समिति से प्रतिनिधियों को शामिल करने का प्रस्ताव रखा गया।प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार क्लब का चुनाव 29, 30 एवं 31 अगस्त के दौरान संपन्न कराया जा सकता है। अंतिम तिथि एवं कार्यक्रम चुनाव समिति की सहमति के बाद घोषित किए जाएंगे।
सदस्यता शुल्क जमा करने की अपील
बैठक में क्लब पदाधिकारियों ने सभी सदस्यों से समय पर सदस्यता शुल्क जमा करने का आग्रह किया, ताकि चुनाव प्रक्रिया में किसी प्रकार की प्रशासनिक बाधा उत्पन्न न हो। पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि संगठन की मजबूती और पारदर्शिता के लिए सभी सदस्यों का सहयोग आवश्यक है।
संगठन को और सशक्त बनाने पर जोर
बैठक में इस बात पर भी बल दिया गया कि प्रेस क्लब रामगढ़ पत्रकारों के हितों की रक्षा, उनकी एकजुटता और पेशेवर गरिमा को सर्वोच्च प्राथमिकता देता रहेगा। वार्षिक आम सभा को संगठनात्मक मजबूती और लोकतांत्रिक परंपराओं को और सुदृढ़ करने का महत्वपूर्ण अवसर बताया गया।
कौन कौन थे उपस्थित
बैठक उपाध्यक्ष प्रदीप राज (बबलू), सह सचिव व्यास शर्मा, कोषाध्यक्ष दुर्वेज आलम, कार्यकारिणी सदस्य सुरेंद्र सिंह, रितेश कुमार, दिलीप सिंह, सुरेंद्र कुमार पासवान, राजकुमार, दीपक कुमार, मनोहर लहरी एवं शंकर देवघरिया सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।