रजरप्पा। रामगढ़ जिला के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान डॉ. एस.राधाकृष्णन टीचर्स’ ट्रेनिंग कॉलेज, सुकरीगढ़ा, लारी, रामगढ़ में IQAC के अंतर्गत संचालित गाइडेंस, काउंसलिंग एंड प्लेसमेंट सेल के तत्वावधान में आज दिनांक 11 सितम्बर 2026 शुक्रवार को प्रशिक्षणार्थियों के लिए एक विशेष प्लेसमेंट एवं करियर गाइडेंस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रशिक्षणार्थियों को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें विद्यालयों में शिक्षण कार्य के लिए आवश्यक कौशल, साक्षात्कार प्रक्रिया एवं चयन के विभिन्न चरणों से परिचित कराना था।
कार्यक्रम के दौरान माउंट एवरेस्ट पब्लिक स्कूल,चितरपुर के सचिव मो. युसूफ एवं प्राचार्य जितेंद्र कुमार ने प्रशिक्षणार्थियों का साक्षात्कार लिया। इसी क्रम में सिद्धार्थ इंटरनेशनल एकेडमी, गोला की निदेशक श्रीमती दीपा एवं उप-प्राचार्य आशीष श्रीवास्तव ने भी विभिन्न प्रशिक्षणार्थियों का साक्षात्कार लिया। साक्षात्कार के दौरान प्रशिक्षणार्थियों की शैक्षणिक योग्यता, विषयगत ज्ञान, संप्रेषण कौशल, आत्मविश्वास, व्यक्तित्व एवं शिक्षण क्षमता का आकलन किया गया।

साक्षात्कार के पश्चात चयन प्रक्रिया के अगले चरण के लिए चयनित प्रशिक्षणार्थियों को डेमो क्लास हेतु आमंत्रित किया गया। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार डेमो क्लास में प्रशिक्षणार्थियों के प्रदर्शन के आधार पर आगे की चयन प्रक्रिया पूर्ण की जाएगी।.इस प्लेसमेंट कार्यक्रम में सोनू शर्मा, प्रिया सिंह, पल्लवी कुमारी, विक्की करमाली, संगीता कुमारी, इंदु भारती, रानी कुमारी लक्ष्मी कुमारी,आरती कुमारी, साजन कुमारी, शोभा कुमारी, सपना वर्मा, सत्येंद्र महतो, दरक्षा अयुबी, निदा फिरदौस, सौरभ खन्ना, रमेश कुमार महतो एवं उमाशंकर कुमार सहित अन्य प्रशिक्षणार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुशील कुमार उपाध्याय ने दोनों विद्यालयों से आए प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए कहा कि प्रशिक्षणार्थियों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना संस्थान की महत्वपूर्ण प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्लेसमेंट कार्यक्रम प्रशिक्षणार्थियों को अपनी प्रतिभा,योग्यता एवं क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं तथा उन्हें अपने व्यावसायिक जीवन की दिशा निर्धारित करने में सहायता करते हैं।
महाविद्यालय के संगीत शिक्षक नयन कुमार मिश्रा ने भी कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए प्लेसमेंट एवं करियर गाइडेंस कार्यक्रम के उद्देश्य एवं महत्त्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शिक्षक प्रशिक्षण के साथ-साथ प्रशिक्षणार्थियों को रोजगार की वास्तविक आवश्यकताओं से जोड़ना वर्तमान समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। ऐसे कार्यक्रम प्रशिक्षणार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाने तथा उन्हें विद्यालयी शिक्षण के क्षेत्र में बेहतर अवसर प्राप्त करने के लिए तैयार करने में सहायक सिद्ध होते हैं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं समन्वय में IQAC के अंतर्गत संचालित गाइडेंस, काउंसलिंग एंड प्लेसमेंट सेल के प्रभारी बाबूचन्द प्रसाद की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने से लेकर विद्यालय प्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित करने तथा साक्षात्कार प्रक्रिया को व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने में सक्रिय भूमिका निभाई। इस अवसर पर बाबूचन्द प्रसाद ने कहा कि प्रशिक्षणार्थियों को केवल प्रशिक्षण प्रदान करना ही संस्थान का उद्देश्य नहीं है, बल्कि उन्हें रोजगार के अवसरों से जोड़ना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि भविष्य में भी विभिन्न विद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों के साथ समन्वय स्थापित कर इस प्रकार के प्लेसमेंट एवं करियर गाइडेंस कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि प्रशिक्षणार्थियों को अधिक से अधिक रोजगार के अवसर प्राप्त हो सकें।कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय परिवार की ओर से माउंट एवरेस्ट पब्लिक स्कूल, चितरपुर एवं सिद्धार्थ इंटरनेशनल एकेडमी, गोला से आए सभी प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। साथ ही साक्षात्कार में शामिल सभी प्रशिक्षणार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य एवं सफल करियर के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
