रिपोर्ट एस कुमार
गिद्दी/सिरका। राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर डीएवी पब्लिक स्कूल, गिद्दी ‘ए’ के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने आज आदर्श क्षेत्रीय अस्पताल के चिकित्सकों को सम्मानित कर उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने डॉ. जेड.आई खान, डॉ. अनिल कनौजिया तथा डॉ. अंशु गुप्ता सहित सभी चिकित्सकों को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनके अथक परिश्रम, सेवा-भाव और मानवता के प्रति समर्पण को नमन किया।
डीएवी गिद्दी ए के जीव विज्ञान के ग्यारहवीं और बारहवीं के विद्यार्थियों ने स्थानीय चिकित्सकों के योगदान पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि डॉक्टर समाज के ऐसे सच्चे सेवक हैं, जो दिन-रात लोगों के स्वास्थ्य की रक्षा में निरंतर तत्पर रहते हैं। विद्यालय के प्राचार्य मनप्रिय चटर्जी ने अपने संदेश में कहा कि चिकित्सक केवल रोगों का उपचार ही नहीं करते, बल्कि समाज को स्वस्थ, सुरक्षित और सशक्त बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों सेस डॉक्टरों के सेवा-भाव, अनुशासन और समर्पण से प्रेरणा लेकर अपने जीवन में मानवता की भावना विकसित करने का आह्वान किया। इस अवसर पर चिकित्सकों ने विद्यार्थियों के इस सम्मान से अभिभूत होकर विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त किया। यह कार्यक्रम विद्यालय के वरीय शिक्षक एस. आर. घोष के निर्देशन में संपन्न हुआ।