नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और स्वच्छता के प्रति विद्यार्थियों को किया गया प्रेरित
भुरकुंडा (रामगढ़)। पावन क्रूस विद्यालय में शुक्रवार को विद्यार्थी परिषद (स्कूल संसद) का शपथ ग्रहण समारोह उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह का संचालन शिक्षिका आशा मिंज एवं रजनी सिन्हा ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत कक्षा 11 की सृष्टि एक्का एवं नैतिक उरांव ने विद्यालय के कैप्टन के रूप में तथा कक्षा 10 की अनुपमा तिर्की एवं अनमोल आर्यन ने वाइस कैप्टन के रूप में शपथ लेकर की।
इसके बाद अनुशासन, स्वच्छता, चित्रकला, प्रार्थना, खेल, सांस्कृतिक, स्वास्थ्य सहित विभिन्न मंत्रालयों के सदस्यों ने सामूहिक रूप से पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। शपथ ग्रहण के उपरांत सभी नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों ने रजिस्टर में हस्ताक्षर कर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर सिस्टर सुमंती ने छात्र कैबिनेट के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता का विकास करना, विद्यालय प्रबंधन में सहभागिता सुनिश्चित करना, स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना, आपसी सामंजस्य एवं टीम भावना विकसित करना तथा बच्चों को कार्य करके सीखने का अवसर प्रदान करना है। समारोह का समापन पूरे विद्यालय परिवार द्वारा प्रेरणादायी गीत हम होंगे कामयाब के सामूहिक गायन के साथ हुआ।
इस अवसर पर मो. कमरुद्दीन, सुधीर प्रसाद, रजनी डुंगडुंग, निर्मला, कंचन मिंज, संगीता गिद्ध, पूजा वर्मा, नेहा, आनंद टेटे, सोशन लकड़ा, बासिल कुजूर, क्रिस्टीना, सेलिना खलखो, अमन कुजूर, गायत्री गोस्वामी, करुणा कांति, अल्मा, सोनम, स्वाति, रेशमी राय, दीपा, मारिया, आरती सहित विद्यालय परिवार के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।