रिपोर्ट एस कुमार
सिरका। अरगड्डा जीएम ऑफिस के समीप सड़क किनारे लोकल गाड़ियों के दिनभर खड़े रहने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। सड़क के दोनों ओर वाहनों के खड़े रहने के कारण मार्ग संकरा हो जाता है, जिससे आए दिन जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, जीएम ऑफिस के आसपास सड़क पर वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। इसके बावजूद कई लोकल गाड़ियां लंबे समय तक सड़क पर ही खड़ी रहती हैं।
इससे राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों और अन्य वाहनों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। जाम के कारण कई बार वाहनों की कतार लग जाती है, जिससे लोगों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ता है। स्थानीय लोगों ने संबंधित अधिकारियों से सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़े करने पर रोक लगाने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू करने की मांग की है।
